सीएसपी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने की घर-घर जांच, अनधिकृत रहवासियों और किराये पर दिए आवासों की भी पड़ताल
भिलाई नगर क्षेत्र में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी चेकिंग की। जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में पुलिस की संयुक्त टीम ने घर-घर दस्तक देकर रहवासियों का सत्यापन किया और संदिग्ध लोगों से जुड़ी जानकारी संकलित की।
दुर्ग। जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में मंगलवार की सुबह उस समय पुलिस की अचानक दस्तक हुई, जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे। दुर्ग पुलिस ने सुबह 5 बजे से कॉलोनी में सरप्राइज चेकिंग अभियान शुरू कर संदिग्ध व्यक्तियों और संभावित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े ठिकानों की जांच की।
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी सहित तीन थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने कॉलोनी के घरों में पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जानकारी जुटाई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों की पहचान और निगरानी करना था, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हों या जिनका आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा हो। पुलिस ने संभावित ठिकानों और छिपने के स्थानों से जुड़ी जानकारी भी संकलित की।
चेकिंग के दौरान ऐसे लोगों का ब्योरा भी जुटाया गया, जो नियमों के विपरीत पीएम आवासों में रह रहे हैं। इसके अलावा आवासों को निर्धारित नियमों के विरुद्ध किराये पर दिए जाने की जानकारी का सत्यापन भी किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाली संबंधित जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराई जाएगी। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित विभाग के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि अपराध पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन तथा अचानक चेकिंग का सिलसिला जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और किरायेदार रखने से पहले उसकी पहचान व दस्तावेजों की जांच अवश्य करें।