गनियारी हाईस्कूल में 10वीं की संस्कृत परीक्षा के दौरान हादसा, छात्रा के सिर में लगी गंभीर चोट; तीन टांके लगाए गए
दुर्ग। रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर टूटकर गिर पड़ा। हादसे में तीन विद्यार्थी घायल हो गए। इनमें कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में चोट आई है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसके सिर में तीन टांके लगाए गए। छात्रा को अस्पताल में भर्ती रखा गया है, जबकि अन्य दो विद्यार्थियों को मामूली चोट आने की जानकारी है।
घटना उस समय हुई, जब स्कूल में करीब 50 विद्यार्थी कक्षा 10वीं की संस्कृत विषय की त्रैमासिक परीक्षा दे रहे थे। विद्यार्थी प्रश्नपत्र हल करने में जुटे थे, तभी अचानक छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। प्लास्टर गिरते ही कक्षा में मौजूद विद्यार्थियों में घबराहट फैल गई। कुछ देर के लिए परीक्षा भी प्रभावित हुई।
घायलों को तत्काल पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने घायल विद्यार्थियों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। द्रौपदी ठाकुर के सिर में चोट अधिक होने के कारण चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और तीन टांके लगाए। अन्य घायल विद्यार्थियों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शिक्षा विभाग ने जांच के लिए भेजी टीम
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच दल को स्कूल भेजा गया। टीम द्वारा स्कूल भवन की स्थिति, छत के प्लास्टर की हालत और उसके अचानक गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि भवन की स्थिति पहले से खराब थी या मरम्मत को लेकर कोई शिकायत अथवा सूचना शिक्षा विभाग को दी गई थी।
भवनों के रखरखाव पर उठे सवाल
परीक्षा के दौरान करीब 50 विद्यार्थियों की मौजूदगी वाले कक्ष में छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यदि प्लास्टर बड़े हिस्से में गिरता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद विद्यार्थियों के साथ उनके परिजन भी स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
दुर्ग जिला शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का गृह जिला भी है। ऐसे में सरकारी स्कूल में परीक्षा के दौरान हुई इस घटना ने भवनों के रखरखाव और विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल घायल छात्रा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। जांच दल की रिपोर्ट के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।