कुम्हारी पुलिस की अटल आवास में कार्रवाई, करीब 2.99 लाख रुपए का गांजा जब्त; आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई। कुम्हारी के अटल आवास में किराए के मकान को गांजा रखने और बेचने का ठिकाना बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मकान नंबर 320 में दबिश देकर आरोपी के कब्जे से 6 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 98 हजार 975 रुपए बताई गई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
ग्राहकों को घर का पता था
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को सूचना मिली थी कि अटल आवास क्षेत्र में एक युवक गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद कुम्हारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में मकान नंबर 320 की तलाशी ली। इस दौरान वहां प्रेम कुमार साहू (30) मिला। तलाशी में उसके कब्जे से गांजा बरामद किया गया।
किराए के मकान से चल रहा था कारोबार
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने अटल आवास में मकान किराए पर लिया था और इसी जगह का इस्तेमाल गांजा रखने व ग्राहकों को बेचने के लिए कर रहा था। पुलिस के अनुसार गांजा खरीदने वाले लोगों को मकान का पता मालूम था और वे सीधे वहां पहुंचकर आरोपी से गांजा लेते थे।
पुलिस को इस गतिविधि की जानकारी पहले से मिल रही थी। कार्रवाई से पहले पुलिस ने प्वाइंटर के माध्यम से सूचना की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने मकान पर दबिश देकर आरोपी को गांजे के साथ पकड़ लिया।
सप्लाई लाइन की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले 6 किलो 350 ग्राम गांजे को जब्त कर लिया है। इसकी कीमत करीब 2 लाख 98 हजार 975 रुपए आंकी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और कुम्हारी तक इसकी सप्लाई किस माध्यम से पहुंची। पुलिस संभावित सप्लायर और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।