16 NDPS मामलों की जब्ती का हुआ निपटारा, 637 नशीली दवाइयां रोड रोलर से कुचलकर दफनाईं
रायगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 16 NDPS मामलों में जब्त मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान 415.991 किलो गांजा, तीन गांजा पौधे और 637 नग नशीली दवाइयों को नष्ट किया गया। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपए बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश पर शुक्रवार को जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। समिति के अध्यक्ष एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निपटारा किया गया।
भट्ठी में जलाया 415 किलो से ज्यादा गांजा
16 प्रकरणों में जब्त 415.991 किलो गांजा और तीन गांजा पौधों को जामगांव स्थित MSP स्टील एंड पॉवर लिमिटेड के प्लांट की भट्ठी में डालकर नष्ट किया गया। नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत की गई।
637 नशीली दवाइयों को किया नष्ट
कार्रवाई के दौरान जब्त प्रतिबंधित दवाइयों में 108 नग नशीले सिरप और 529 नग प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल शामिल थे। कुल 637 दवाइयों को प्लांट परिसर के पास बुलडोजर और रोड रोलर की मदद से कुचलकर नष्ट किया गया। इसके बाद इन्हें गड्ढे में दबा दिया गया।
पिछले साल भी 503 किलो गांजा हुआ था नष्ट
रायगढ़ में नशीले पदार्थों के नष्टीकरण की यह कार्रवाई पहले भी की जा चुकी है। पिछले साल जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 25 NDPS मामलों में जब्त 503.531 किलो गांजा और दो गांजा पौधों का इसी प्लांट में नष्टीकरण किया गया था। इस बार गांजे के साथ बड़ी संख्या में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का भी निपटारा किया गया।