जामुल के घासीदास नगर की घटना; एसडीआरएफ के डीप डाइवर्स ने घंटों तलाश के बाद बरामद किया 32 वर्षीय मनी जंघेल का शव
दुर्ग-भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर स्थित शिव शक्ति तालाब में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में समा गया। घटना शुक्रवार की है। सूचना मिलने पर दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद टीम ने युवक का शव पानी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद शव जामुल थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
नहाते समय गहरे हिस्से में चला गया
घासीदास नगर, जामुल निवासी मनी जंघेल (32) पिता कांता जंघेल शुक्रवार को शिव शक्ति तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया। घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को हुई तो उन्होंने जामुल पुलिस और जिला सेनानी कार्यालय को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रवाना हुई रेस्क्यू टीम
मामले की जानकारी मिलते ही कार्यालय जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, दुर्ग से एसडीआरएफ टीम को शिव शक्ति तालाब के लिए रवाना किया गया। टीम अपने साथ पानी में तलाशी और बचाव के लिए आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण लेकर पहुंची।
डीप डाइवर्स ने गहरे पानी में की तलाश
तालाब पहुंचने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने पहले घटनास्थल और पानी की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई। अनुभवी डीप डाइवर्स राजकुमार यादव और चंद्र प्रताप ने गहरे पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने तालाब के अलग-अलग हिस्सों में युवक के संभावित स्थानों पर तलाशी ली।
शव मिलने के बाद पुलिस को सौंपा
काफी देर तक चले सर्च अभियान के बाद एसडीआरएफ टीम को युवक का शव पानी के भीतर मिल गया। जवानों ने शव को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला और जामुल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को मर्ग पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में लिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।