बिलासपुर में ससुराल वालों ने आत्महत्या बताया, मायके पक्ष ने जताया हत्या का शक; कमरे में खून के निशान मिलने का दावा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में लव मैरिज के करीब छह महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अशोक नगर स्थित घर के कमरे में रोजी खान का शव फंदे पर लटका मिला। ससुराल पक्ष की ओर से घटना को आत्महत्या बताया जा रहा है, जबकि मायके वालों ने मौत पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का दावा है कि कमरे में खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अप्रैल में हुई थी दोनों की शादी
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के अनुसार अशोक नगर की व्हाइट बिल्डिंग में अय्यूब खान अपने परिवार के साथ रहते हैं और ड्राइवर हैं। उनका बेटा फरहान खान कार शोरूम में काम करता है। पुलिस के मुताबिक फरहान ने अप्रैल में गौरेला निवासी रोजी खान से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों अशोक नगर स्थित घर में परिवार के साथ रह रहे थे।
उर्स से लौटने के बाद पति-पत्नी में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार गुरुवार को फरहान लुतरा में आयोजित उर्स में शामिल होने गया था। वह रातभर घर नहीं लौटा और शुक्रवार सुबह वापस आया। घर पहुंचने के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद फरहान ड्यूटी के लिए घर से निकल गया।
कमरे में फंदे पर मिली रोजी
फरहान के जाने के बाद करीब 11 बजे अय्यूब की पत्नी ने रोजी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखा। आवाज देने और दरवाजा नहीं खुलने पर अंदर झांककर देखा गया तो रोजी फंदे पर लटकी मिली। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर उसे नीचे उतारा गया और निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत को देखते हुए सिम्स रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
रोजी के मायके वालों का आरोप है कि उसने पहले फोन पर ससुराल में घरेलू हिंसा और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिजनों का कहना है कि ससुराल पहुंचने पर उन्हें कमरे में खून के निशान दिखाई दिए। इसी आधार पर उन्होंने रोजी की मौत को आत्महत्या मानने पर सवाल उठाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों, मोबाइल फोन और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है। मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।