डगनिया तालाब में 22 वर्षीय छात्रा तन्नु साहू की लाश मिली, शिवनाथ नदी से करीब 60 साल की अज्ञात महिला का शव बरामद
दुर्ग-भिलाई। जिले में शनिवार को अलग-अलग जलस्रोतों से दो महिलाओं के शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमधा थाना क्षेत्र के डगनिया गांव में 22 वर्षीय छात्रा तन्नु साहू का शव तालाब में मिला, जबकि पुलगांव थाना क्षेत्र में शिवनाथ नदी से करीब 60 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों महिलाओं की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
दोपहर से लापता थी छात्रा, शाम को तालाब में मिला शव
धमधा थाना क्षेत्र के डगनिया गांव में शनिवार शाम ग्रामीणों ने तालाब में एक युवती का शव पानी में तैरते देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान तन्नु साहू (22) के रूप में हुई है। वह धमधा में कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के अनुसार तन्नु शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और जानकारी पुलिस को देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे तालाब में उसका शव दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धमधा मर्च्युरी भेजा।
घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अभी यह सामने नहीं आया है कि छात्रा तालाब तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही उसके घर से निकलने के बाद की गतिविधियों और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
शिवनाथ नदी में मिला बुजुर्ग महिला का शव
दूसरी घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है। पुलगांव थाने के पीछे और वृंदावन रेस्टोरेंट के पीछे शिवनाथ नदी में स्थानीय लोगों ने एक महिला का शव देखा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। बचाव दल ने शव को नदी से बाहर निकाला।
महिला की उम्र करीब 60 वर्ष बताई गई है। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस को उसके पैरों में काले रंग की चप्पल और शरीर पर गोदना मिला है। इन्हीं पहचान चिन्हों के आधार पर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
थानों और पंचायतों को भेजी गई जानकारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर महिला की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। महिला के हुलिए और पहचान चिन्हों की जानकारी जिले के सभी थानों और कंट्रोल रूम को भेजी गई है। ग्राम पंचायतों को भी सूचना देकर महिला की पहचान कराने में सहयोग मांगा गया है।