रामनगर में खाली प्लॉट की ओर से दुकान में घुसे थे चोर, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन दिन में पुलिस ने सुलझाई वारदात
रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान का शटर या ताला तोड़ने के बजाय पीछे की दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया था। दुकान से करीब 8 से 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। एसीसीयू और गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें तीन दिन के भीतर पकड़ लिया।
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर में ज्वेलरी दुकान में हुई सेंधमारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने कर्मा चौक मेन रोड स्थित श्री लक्ष्मी विनायक और सोनम ज्वेलर्स में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दुकान के पीछे की दीवार में छेद कर भीतर दाखिल हुए चोरों ने सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था।
दुकान संचालक सुनील जैन सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ था और शोकेस में रखे गहने गायब थे। जांच में करीब दो से ढाई तोला सोने और दो किलो चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई। चोरी गए सामान की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपए आंकी गई।
पुलिस के अनुसार दुकान के बाजू में खाली प्लॉट है। आरोपियों ने इसी तरफ से पहुंचकर पीछे की दीवार तोड़ी और दुकान के भीतर प्रवेश किया। वारदात के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में नकाब पहने एक युवक की गतिविधियां कैद हुई थीं। इसके बाद पुलिस ने आसपास के मार्गों और दुकानों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एसीसीयू और गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन दिन के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले का विस्तृत खुलासा किया जाना है।