100 मेगावाट का AI-रेडी कैंपस बनाने की तैयारी; सोलर, बैटरी स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग में भी निवेश की संभावनाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 के दौरान राज्य को कुल 43,250 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव 41,750 करोड़ रुपए का है, जिसके तहत एनर्जी कैपिटल ग्लोबल छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने की योजना बना रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर में कंपनी के प्रतिनिधियों को निवेश का न्योता सौंपा। कंपनी एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में AI आधारित जरूरतों के अनुरूप डेटा सेंटर विकसित करने के साथ इन्हें स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने के क्षेत्र में काम करती है। सिंगापुर के अलावा भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में भी कंपनी की मौजूदगी है।
AI और डिजिटल सेवाओं के लिए तैयार होगा कैंपस
प्रस्तावित डेटा सेंटर कैंपस की क्षमता 100 मेगावाट होगी। इसे बड़े स्तर पर AI और डिजिटल सेवाओं के संचालन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। कंपनी के अनुसार परियोजना के लिए आवश्यक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के साथ स्थानीय इंजीनियरों को संचालन के लिए प्रशिक्षित करने की भी योजना है।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बिजली, जमीन और सरकारी सहयोग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। कंपनी मध्य भारत में बड़े AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस की दिशा में काम करना चाहती है।
सोलर और स्टोरेज में भी 1,500 करोड़
डेटा सेंटर के अलावा सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में 1,500 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव दिया है। यह निवेश सोलर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और संबंधित उपकरणों के क्षेत्र में किया जाएगा। इससे राज्य में स्वच्छ ऊर्जा आधारित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
CM बोले- नीतियों पर बढ़ा निवेशकों का भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सिंगापुर से मिले निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की नीतियों, क्षमता और मानव संसाधन पर निवेशकों के भरोसे को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को गति मिलेगी।
साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि उद्योगों की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नियमों और व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। उनके अनुसार राज्य में अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने पिछले 18 महीनों में 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने का भी दावा किया।
फूड प्रोसेसिंग और वाटर री-यूज पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने फोरम से इतर एक्वाटेक और एड्रॉयट ओवरसीज पीटीई लिमिटेड के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। चर्चा में उद्योगों में गंदे पानी के पुन: उपयोग की व्यवस्था और छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
फोरम में सिंगापुर सरकार की विदेश मामलों तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गण सियो हुआंग सहित मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले जैसी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल
मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रमुखों के साथ CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे। इसमें छत्तीसगढ़ में संभावित निवेश और नई परियोजनाओं को लेकर आगे की बातचीत होगी। सिंगापुर से मिले प्रस्तावों से राज्य में AI, डेटा सेंटर, स्वच्छ ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग जैसे नए क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।