फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आरोपी से जुड़े पुराने मामलों की जांच की मांग; शिवसेना ने बुलडोजर कार्रवाई की भी उठाई मांग
दुर्ग-भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ के मामले में आरोपी मकान मालिक दिलावर यादव की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। सोमवार को छत्तीसगढ़ शिवसेना और खुर्सीपार क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने पुलिस व प्रशासन को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय महिलाओं सहित क्षेत्र के लोगों ने सेक्टर-6 कंट्रोल रूम पहुंचकर एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। उनका आरोप है कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण दिलाने और मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों ने दावा किया कि पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
छत्तीसगढ़ शिवसेना के जिला सचिव पंकज नायर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की गई। संगठन ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। शिवसेना ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई और कहा कि यदि कार्रवाई में किसी तरह का दबाव या हस्तक्षेप होता है तो संगठन आंदोलन करेगा।
आरोपी के पुराने मामलों की जांच की मांग
खुर्सीपार के स्थानीय निवासियों ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को दिए ज्ञापन में अपराध क्रमांक 0445/2026 के आरोपी दिलावर यादव से जुड़े पुराने मामलों और शिकायतों की भी जांच कराने की मांग की। लोगों ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को धमकाने और समझौते के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इन शिकायतों की अलग से जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में बीएसपी की जमीन पर कथित कब्जे और डेयरी संचालन से जुड़े आरोपों की जांच कराने की मांग भी की गई है। साथ ही गोकुल नगर में खटाल के लिए आवंटित जमीन को लेकर भी जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी गई। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
2 अक्टूबर की घटना, अगले दिन गिरफ्तारी
परिजनों के मुताबिक, 2 अक्टूबर को बच्ची को दर्द और ब्लीडिंग की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। बाद में बच्ची ने परिजनों को बताया कि एक व्यक्ति ने उसके साथ गलत तरीके से छुआ और पकड़ लिया था। इसके बाद बच्ची के पिता ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर 3 अक्टूबर को आरोपी दिलावर यादव को गिरफ्तार कर लिया।
सभी शिकायतों की जांच का आश्वासन
एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि नाबालिग बच्ची से जुड़े पॉक्सो मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सोमवार को स्थानीय लोग अतिरिक्त कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे थे और उन्होंने ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में जमीन पर कब्जे सहित अन्य बिंदुओं का उल्लेख किया गया है। सभी बिंदुओं की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।