रायपुर में CM साय ने जलाई सेवा ज्योति, तेलीबांधा चौक को बनाया जाएगा सेवा ज्योति संकल्प चौक; कार्यकर्ताओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने छत्तीसगढ़ में सेवा ज्योति यात्रा के जरिए जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाया। बुधवार को प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ के 38 स्थानों पर सेवा ज्योति चौक विकसित किए जाएंगे। राजधानी के तेलीबांधा चौक को सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित करने की योजना भी बताई। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए संकल्प दिलाया गया।
‘मोदी की 25 वर्ष की यात्रा सेवा का संदेश’
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 से सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे किए हैं। उनकी इस लंबी यात्रा का मूल संदेश सेवा रहा है। इसी भावना के साथ भाजपा कार्यकर्ता शहर में सेवा ज्योति यात्रा निकाल रहे हैं।
‘बिना रुके विकास की दिशा में बढ़ा देश’
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि 25 वर्षों तक नरेंद्र मोदी ने निरंतर काम किया। उन्होंने कहा कि देश विकास के साथ अपनी विरासत और संस्कृति को पुनर्स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
बिलासपुर में बहतराई से निकली यात्रा
बिलासपुर में सेवा ज्योति यात्रा बहतराई स्टेडियम से शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के बाद सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद विभिन्न मंडलों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा विधायक, संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनेंद्रगढ़ में भी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मशाल यात्रा निकालकर सेवा, संकल्प और विकसित भारत के संदेश को आगे बढ़ाया।