मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में आयोजन, मंत्री-सांसद और संगठन पदाधिकारी हुए शामिल
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को छत्तीसगढ़ के सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जा रही है। रायपुर के जोरा स्थित कृषि मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को इसी अभियान की प्रमुख गतिविधि के रूप में आयोजित किया गया है। पार्टी ने सभी सांगठनिक जिलों में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है।
रायपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। वहीं अलग-अलग जिलों में उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा में भाग लिया।
बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और दुर्ग-भिलाई में मंत्री गजेंद्र यादव कार्यक्रम में शामिल हुए। बेमेतरा में मंत्री दयालदास बघेल, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में टंकराम वर्मा और बस्तर में मंत्री केदार कश्यप ने जिम्मेदारी संभाली।
जांजगीर-चांपा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और सांसद कमलेश जांगड़े, कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन, रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह तथा बलरामपुर में मंत्री रामविचार नेताम कार्यक्रम में शामिल हुए।
एमसीबी में मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, जबकि जशपुर, सरगुजा और सूरजपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद में सांसद विजय बघेल, बालोद में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजनांदगांव में सांसद संतोष पांडेय, नारायणपुर में सांसद भोजराज नाग और दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप को कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया, बलौदाबाजार, धमतरी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और सक्ती सहित अन्य जिलों में भी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी यात्रा में शामिल हुए।
भाजपा के अनुसार स्थानीय सांसद, विधायक तथा विभिन्न आयोगों और निगम-मंडलों के अध्यक्ष भी अपने-अपने गृह जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ इसी अभियान का हिस्सा है।