स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के जरिए विद्यार्थियों का पंजीकरण, बीएलओ को हर सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पंजीकरण से छूट गए पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वे और सत्यापन करेंगे। वहीं, 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत उन लोगों की पहचान की जाएगी, जो पात्र होने के बावजूद मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। साथ ही पहले सूची में शामिल रहे, लेकिन वर्तमान सूची से नाम गायब होने वाले मतदाताओं का भी सत्यापन किया जाएगा।
अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे। पुरानी और वर्तमान सूची का मिलान कर छूटे हुए नामों की पहचान की जाएगी। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। विभाग ने बीएलओ को हर सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं का पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया है। अभियान को लगभग एक महीने में पूरा करने की योजना है।
स्कूलों में लगेंगे विशेष शिविर
विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के लिए 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने संबंधी जानकारी दी जाएगी।
श्रमिक बस्तियों और रैन बसेरों में भी पहुंचेंगे अधिकारी
अभियान का दायरा स्कूलों और घरों तक सीमित नहीं रहेगा। रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर और वंचित लोगों के बीच भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहें।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
नए मतदाता और अन्य पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET ऐप, voters.eci.gov.in पोर्टल अथवा अपने क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ECINET ऐप पर ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।