अजय कुमार बने SP (SIB), अंशिका जैन को जगदलपुर CSP की जिम्मेदारी; ASP (ऑप्स) के पदों पर भी बड़े फेरबदल
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए IPS और राज्य पुलिस सेवा के कुल 18 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय सहित अलग-अलग इकाइयों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के पद शामिल हैं। सभी पदस्थापनाएं तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
अमन कुमार को SIA, अजय कुमार को SIB की जिम्मेदारी
बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) के पद पर कार्यरत अमन कुमार रमन कुमार को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (SIA) नियुक्त किया गया है। नारायणपुर में पदस्थ अजय कुमार को पुलिस अधीक्षक (SIB) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आकाश श्रीमाल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.), अक्षय प्रगोद सबद्रा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) और दुर्ग के बघेरा स्थित एसटीएफ में पदस्थ आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) बनाया गया है।


बीजापुर में पदस्थ रविन्द्र कुमार मीणा को पुलिस अधीक्षक (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध) नियुक्त किया गया है। सुकमा में पदस्थ रोहित कुमार शाह को 15वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, बीजापुर का सेनानी बनाया गया है।
जिलों में ASP (ऑप्स) के पदों पर बदलाव
तबादला आदेश के तहत कई जिलों में ऑपरेशनल जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक सुमीतकुमार दत्ताहारी को ASP (ऑप्स), कांकेर पदस्थ किया गया है। रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त रहे ईशु अग्रवाल को ASP (ऑप्स), नारायणपुर की जिम्मेदारी मिली है।
रायगढ़ के नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को ASP (ऑप्स), सुकमा बनाया गया है। राजनांदगांव की नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन को ASP (ऑप्स), जगदलपुर भेजा गया है। इसी तरह कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार पाठक को ASP (ऑप्स), नारायणपुर, दुर्ग के CSP हर्षित मेहर को ASP (ऑप्स), कोंडागांव और अंबिकापुर के CSP राहुल बंसल को ASP (ऑप्स), बीजापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशिक्षु अधिकारियों को भी मिली पोस्टिंग
प्रशिक्षु IPS अधिकारियों की पदस्थापना भी की गई है। अंशिका जैन को नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर बनाया गया है, जबकि साकोर मानसी नानाभाउ को सहायक पुलिस आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आदित्य कुमार को नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव और प्रतीक बंसोडे को नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर नियुक्त किया गया है। इन पदस्थापनाओं के जरिए पुलिस मुख्यालय और मैदानी इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्निर्धारण किया गया है।