28 अक्टूबर को तट से टकराने की आशंका, 125 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं; ओडिशा में 60 बचाव दल तैनात, छह जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
नई दिल्ली (ए)। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब के आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान 27 अक्टूबर तक अत्यंत भीषण रूप ले सकता है और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की आशंका है।
संभावित खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश के संवेदनशील तटीय इलाकों से करीब 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। लोगों को सोमवार शाम से ही सुरक्षित ठिकानों पर स्थानांतरित करने की योजना है। राज्य के कई तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
आंध्र प्रदेश के पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी तूफान के प्रभाव को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राहत और बचाव कार्यों के लिए ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ) की 60 टीमें तैनात की जाएंगी। एहतियात के तौर पर छह जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
तमिलनाडु में लगातार बारिश, पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक
तमिलनाडु में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। अरनी के भास्कर नगर में पानी भरने से कुछ लोग घरों में फंस गए। कोडाइकनाल में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। तिरुवारूर जिले में भी तेज बारिश दर्ज की गई। हालांकि, राज्य में स्कूल और कॉलेज खुले रहने की जानकारी दी गई है।
अगले दो दिनों में कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है।
28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। झारखंड में ऑरेंज अलर्ट, जबकि पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में यलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।