-
रायपुर में अनवर ढेबर समेत कई कारोबारियों के यहां पहुंची जांच टीमें
-
भिलाई, राजनांदगांव, बिलासपुर और गरियाबंद में भी एक साथ कार्रवाई
- शराब, कोल लेवी और DMF घोटालों से जुड़े मामलों में दस्तावेजों की पड़ताल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित घोटालों से जुड़े मामलों की जांच के तहत आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कई जिलों में छापेमारी की। शुक्रवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान रायपुर, भिलाई, राजनांदगांव, बिलासपुर और गरियाबंद में कारोबारियों के आवासों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तलाशी ली गई। वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े मामले में भी जांच की गई। टीमें दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही हैं। फिलहाल, कार्रवाई में मिली सामग्री को लेकर एजेंसियों की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
रायपुर में अनवर ढेबर और सुदर्शन शर्मा के ठिकानों पर दबिश
राजधानी रायपुर में जांच टीमों ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर और वीआईपी स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर तलाशी ली। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई को शराब घोटाले से संबंधित बताया जा रहा है। शहर में अन्य स्थानों पर भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
राजनांदगांव में दो कारोबारियों के घर और प्रतिष्ठानों की जांच
राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। वैभव गोलछा के सनसिटी स्थित बी-ब्लॉक के मकान और जय बग्गा के लालबाग स्थित आवास एवं व्यावसायिक परिसर में जांच की गई। टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, दस्तावेज और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों की पड़ताल कर रही है।
भिलाई और बिलासपुर में भी जांच
भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के आवास पर सुबह करीब 8 बजे EOW-ACB की टीम पहुंची। यहां पांच से छह अधिकारियों द्वारा जांच किए जाने की जानकारी है। दूसरी ओर, बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबार से जुड़े शाजिद खान के ठिकाने पर तलाशी ली गई। यह कार्रवाई कोल लेवी मामले की जांच से संबंधित बताई गई है।

गरियाबंद और कटघोरा में भी कार्रवाई
गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े प्रतिष्ठानों शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स में जांच की गई। राजा पारख के आवास पर भी टीम पहुंची। इधर, कोरबा जिले के कटघोरा में DMF मामले की पड़ताल के सिलसिले में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर दबिश दी गई। इन स्थानों पर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की गई।