टाटीबंध से नेहरू नगर तक 26 किमी मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत, सर्विस लेन चौड़ी करने और फ्लाईओवर बनाने का भी प्रस्ताव
दुर्ग-भिलाई। रायपुर और दुर्ग के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर यातायात का दबाव कम करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग ने 163.33 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की है। टाटीबंध चौक से नेहरू नगर चौक तक करीब 26 किलोमीटर के मार्ग को सुगम बनाने के लिए तैयार प्रस्ताव केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस मार्ग पर मुंबई, कोलकाता और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, यहां प्रतिदिन करीब 1.25 लाख वाहन गुजरते हैं, जबकि सड़क की क्षमता लगभग 33 हजार वाहनों की बताई गई है। वाहनों की संख्या में हर साल करीब 5 प्रतिशत वृद्धि होने से यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में 26 किलोमीटर का सफर, जिसे सामान्य परिस्थितियों में 40 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकता है, तय करने में डेढ़ घंटे तक लग जाते हैं। दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
योजना के तहत खारुन नदी पर मौजूदा पुलों के बीच नया फोरलेन पुल बनाने का प्रस्ताव है। करीब 54 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनने वाले इस पुल की लंबाई 200 मीटर और चौड़ाई 9.50-9.50 मीटर प्रस्तावित है। वर्तमान में दुर्ग से रायपुर जाने की दिशा में लगभग 40 वर्ष पुराना पुल और रायपुर से दुर्ग की दिशा में करीब 22 वर्ष पुराना पुल है। नए पुल के निर्माण से दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
18 किमी हिस्से में लगेंगे क्रैश बैरियर
यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मुख्य मार्ग और सर्विस लेन के बीच करीब 18 किलोमीटर हिस्से में आरसीसी क्रैश बैरियर लगाने का प्रस्ताव है। इस कार्य पर लगभग 17 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इससे मुख्य मार्ग और सर्विस लेन के बीच वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा दोपहिया वाहनों की सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सर्विस लेन की चौड़ाई दोगुनी करने की तैयारी
योजना में सर्विस लेन को मौजूदा तीन मीटर से बढ़ाकर छह मीटर करने का भी प्रस्ताव है। इसके लिए करीब 35 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। मार्ग के कुछ हिस्सों में अतिक्रमण के कारण सर्विस लेन संकरी हो गई है। विभाग का कहना है कि सड़क किनारे उपलब्ध जगह का उपयोग कर चौड़ाई बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
चंदनीडीह में बनेगा 600 मीटर लंबा फ्लाईओवर
नंदनवन की दिशा में चंदनीडीह के पास करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से 600 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव है। इस क्षेत्र में भारी वाहनों के मुड़ने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होता है। फ्लाईओवर बनने से वाहनों की आवाजाही सुचारु करने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पूरी परियोजना का क्रियान्वयन केंद्रीय मंत्रालय की मंजूरी के बाद किया जाएगा।