धमाके की गूंज आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, गोदाम में पटाखों का स्टॉक भी मिला; कई अन्य मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका
नागौर (ए)। राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह बारूद तैयार करने के दौरान हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो युवक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। गोदाम में अन्य मजदूरों के भी मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पोटेशियम नाइट्रेट सहित अन्य सामग्री मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था।
बताया जा रहा है कि गोदाम का मालिक अमीन है। हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
गोदाम में रखा था पटाखों का भंडार
जांच के दौरान गोदाम के एक हिस्से में तैयार पटाखों का स्टॉक भी रखे होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि गोदाम संचालक के पास पटाखों के भंडारण का स्थायी लाइसेंस है। हालांकि, लाइसेंस के तहत कितनी मात्रा में पटाखे रखने की अनुमति थी और घटनास्थल पर कितना बारूद व पोटेशियम नाइट्रेट मौजूद था, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।