महादेव सट्टा प्रकरण में कार्रवाई तेज; कस्टोडियल रिमांड के लिए एजेंसी ने लगाया आवेदन, कोर्ट में अगली सुनवाई
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी को लेकर नॉन बेलेबल वारंट पर PMLA स्पेशल कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच लंबी बहस हुई। तर्क सुनने के बाद कोर्ट ने ED की अर्जी स्वीकार कर ली। अब जांच एजेंसी ने सौरभ को कस्टोडियल रिमांड पर लेने के लिए आवेदन पेश किया है।
रिमांड पर कोर्ट में होगी सुनवाई
गिरफ्तारी के बाद ED सौरभ से मामले से जुड़े अहम बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है। कस्टोडियल रिमांड के आवेदन पर बचाव पक्ष और ED के वकील अपना पक्ष रखेंगे। इसके बाद कोर्ट तय करेगा कि जांच एजेंसी को कितने दिन की कस्टडी दी जाए।
सौरभ को शुक्रवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर जेल से हथकड़ी लगाकर कोर्ट लाया गया। उसकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
CBI की 8 दिन की कस्टडी हो चुकी है पूरी
इससे पहले CBI ने सौरभ को 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। CBI ने आगे की कस्टडी नहीं मांगी और न्यायिक रिमांड की मांग की। कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
पूछताछ के दौरान CBI ने महादेव ऐप के संचालन, सट्टा पैनल, हवाला के जरिए रकम के लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई।
नेटवर्क और पैसों के लेनदेन की जांच
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों की भूमिका तथा हवाला के माध्यम से हुए कथित लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
CBI ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर सौरभ चंद्राकर को ओमान में पकड़ा था। इसके बाद उसे भारत लाकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश किया गया।
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मामले में प्रमुख आरोपियों के रूप में चिन्हित किया गया।
CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। इसके बाद ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन की जांच आगे बढ़ाई गई।
13 FIR की जांच CBI के पास
महादेव ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रकरण से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं ED मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से अलग जांच करते हुए सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है।