ED के मुताबिक डिस्टलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाता था विकास अग्रवाल, 2,883 करोड़ रुपए के कथित घोटाले में अहम कड़ी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। 2,883 करोड़ रुपए से अधिक के कथित घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। अक्टूबर 2026 के तीसरे सप्ताह में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था। अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इससे संबंधित जरूरी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में विकास अग्रवाल की भूमिका शराब सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन को संभालने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आई है। एजेंसी के आरोपों के मुताबिक, वह डिस्टलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन की रकम एकत्र करता था। इसके बाद यह राशि कारोबारी अनवर ढेबर तक पहुंचाई जाती थी। जांच एजेंसी उसे सिंडिकेट के आर्थिक नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी मान रही है।
चार साल में 2,883 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप
ED के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब सिंडिकेट ने कथित तौर पर विभिन्न तरीकों से 2,883 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध कमाई की। जांच में सरकारी शराब दुकानों से बिना हिसाब बिक्री, शराब की खरीद कीमतों में हेरफेर और विदेशी शराब के लाइसेंस से जुड़े कमीशन वसूली के आरोप सामने आए हैं। इस प्रकरण में जांच एजेंसियां अब तक कई आरोपपत्र दाखिल कर चुकी हैं।
विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद ED उससे कमीशन की वसूली, रकम के वितरण और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में पूछताछ कर सकती है।
फरवरी 2019 में सिंडिकेट बनाने का आरोप
ED की जांच के मुताबिक, कारोबारी अनवर ढेबर ने फरवरी 2019 में सिंडिकेट तैयार करने के लिए जेल रोड स्थित होटल वेनिंगटन में बैठक बुलाई थी। इसमें छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के नवीन केडिया, भाटिया वाइंस प्राइवेट लिमिटेड के भूपेंदर पाल सिंह भाटिया और प्रिंस भाटिया शामिल हुए थे। इसके अलावा वेलकम डिस्टलरी के राजेंद्र जायसवाल उर्फ चुन्नू जायसवाल, हीरालाल जायसवाल, संजय फतेहपुरिया, एपी त्रिपाठी और अरविंद सिंह की मौजूदगी का भी जांच में उल्लेख किया गया है।
ऐसे सामने आया शराब घोटाला
मामले में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की थी। एजेंसी ने अपनी जांच के आधार पर ACB में भी एफआईआर दर्ज कराई। आरोप है कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन आईएएस अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के कथित सिंडिकेट के माध्यम से शराब कारोबार में अनियमितताएं की गईं। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।