चार स्थानों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे, संक्रमण की वजह तलाश रहा स्वास्थ्य विभाग
दुर्ग। शहर के पोटियाकला क्षेत्र में पीलिया के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। 7 से 12 नवंबर के बीच यहां पीलिया के 9 मरीजों की पहचान हुई है। इनमें एक मरीज का सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि 8 मरीजों का इलाज घर पर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों की हालत सामान्य है और अब तक बीमारी से किसी की मौत नहीं हुई है।
घर-घर पहुंची टीम, नए मरीज की तलाश
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 नवंबर तक पोटियाकला बस्ती के 286 घरों का सर्वे किया। स्वास्थ्यकर्मियों और मितानिनों ने घर-घर जाकर लोगों से पीलिया से जुड़े लक्षणों की जानकारी ली। सर्वे के दौरान कोई नया मरीज सामने नहीं आया। विभाग ने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
चार जगहों से लिया पेयजल का नमूना
इलाके में बीमारी फैलने के संभावित कारणों की जांच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने चार स्थानों से पेयजल के नमूने लिए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल संक्रमण किस वजह से फैला, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने लोगों को बीमारी के लक्षणों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
उबला पानी पीने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पानी उबालकर पीने और खुले या बाहर के खाद्य पदार्थों से परहेज करने की अपील की है। सड़ी-गली सब्जियों के सेवन से बचने को भी कहा गया है। उल्टी, भूख में कमी, अत्यधिक थकान, लगातार पेट दर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है।
फिलहाल विभाग का मुख्य फोकस नए मामलों की पहचान, लोगों की निगरानी और संक्रमण के स्रोत का पता लगाने पर है। पानी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पोटियाकला में पीलिया फैलने की वजह को लेकर तस्वीर साफ होने की संभावना है।