रायपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच हथकड़ी लगाकर लाया गया आरोपी, CBI की 8 दिन की पूछताछ के बाद 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में है बंद
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। रायपुर जेल से पुलिस उसे हथकड़ी लगाकर कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि पेशी के बाद ED उससे मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है।
दरअसल, CBI की 8 दिन की कस्टडी समाप्त होने के बाद गुरुवार को सौरभ को विशेष अदालत में पेश किया गया था। CBI ने आगे की पुलिस रिमांड नहीं मांगी और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया था। इस पर अदालत ने 19 नवंबर तक उसे जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद ED ने सौरभ की पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की। CBI कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद एजेंसी ने PMLA स्पेशल कोर्ट में अर्जी लगाई, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
CBI ने नेटवर्क और लेनदेन पर की पूछताछ
CBI ने अपनी पूछताछ के दौरान महादेव ऐप के संचालन, सट्टेबाजी के पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए कथित लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से हासिल रकम किन लोगों तक पहुंचाई गई और पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों तथा अन्य व्यक्तियों की भूमिका रही।
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मामले के प्रमुख आरोपियों के रूप में चिह्नित किया गया। वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस प्रकरण में अलग से केस दर्ज किया था।
फिलहाल जांच एजेंसियां सट्टेबाजी के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के माध्यम से हुए वित्तीय लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही हैं।