किश्तों पर मोबाइल खरीदने के बाद आया था फोन, बातचीत के बाद नजर आया परेशान; सुपेला पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी
भिलाई के आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बेसमेंट के सार्वजनिक शौचालय में 20 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। युवक कुछ देर पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किश्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था। दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक के पास किसी का फोन आया था। बातचीत के बाद वह परेशान दिखाई दिया था। सूचना पर पहुंची सुपेला पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
भिलाई। आकाशगंगा के हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान निहाल सिंह (20), पिता अरुण सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से आईफोन खरीदने के बाद बेसमेंट में स्थित सार्वजनिक शौचालय पहुंचा था। यहां उसने खिड़की से गमछा बांधकर फांसी लगा ली।
दुकान संचालक के अनुसार, निहाल मोबाइल खरीदने के लिए दुकान पहुंचा था। उसने किश्तों पर फोन लेने की प्रक्रिया पूरी कराई। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया। बातचीत करने के बाद वह कुछ परेशान नजर आया और दुकान से नीचे चला गया। इसके कुछ समय बाद बेसमेंट के शौचालय में उसके फंदे पर लटके होने की जानकारी मिली।
घटना सामने आते ही कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सुपेला पुलिस ने युवक को फंदे से नीचे उतरवाया और अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
फोन पर बातचीत के बाद क्या हुआ, जांच में जुटी पुलिस
युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दुकान संचालक ने पुलिस को बताया कि आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक के पास फोन आया था। वह सोशल मीडिया से संबंधित किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।