सिर और बाईं आंख के ऊपर किए कई वार, खून से लथपथ मिला 40 वर्षीय धर्मेंद्र का शव; पुलिस पूछताछ में बहन ने कबूला जुर्म
दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के गोड़पेण्ड्री गांव में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या का मामला सामने आया है। यहां शराब पीने की आदत से परेशान एक बहन ने कथित तौर पर अपने ही भाई की सीलबट्टे (लोढ़ा) से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआत में महिला ने पुलिस को अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की जानकारी दी, लेकिन जांच के दौरान पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सीलबट्टा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दुर्ग। गोड़पेण्ड्री गांव में शनिवार को एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ। मृतक धर्मेंद्र पाल (40) की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी बहन धन्नी धनकर (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सीलबट्टे से भाई के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर चोटों के कारण धर्मेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस को 14 नवंबर को धर्मेंद्र की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों ने पहले गांव के सरपंच को फोन कर बताया कि धर्मेंद्र कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलने पर सरपंच गांव के दो अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां धर्मेंद्र बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। उसके चेहरे, आंख और कान के पास चोट के निशान थे। कमरे में फर्श पर भी खून फैला हुआ था।
पहले अज्ञात हमलावर की बताई कहानी
घटना की सूचना पर उतई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के सिर तथा बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। शुरुआती पूछताछ में बहन धन्नी ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सीलबट्टा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है।
चार-पांच साल से मायके में रह रही थी बहन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धर्मेंद्र को शराब पीने की आदत थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। उसकी बहन धन्नी पिछले चार-पांच साल से मायके में रह रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धर्मेंद्र की पत्नी भी करीब एक साल से अपने मायके में रह रही थी। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र लगभग 8 और 10 वर्ष है। धर्मेंद्र पहले सीमेंट प्लांट में काम करता था और बाद में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।