सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट पर कार्रवाई, कई जगह चल रहे थे लाइव सट्टा पैनल; किराए के बैंक खातों से हवाला के जरिए विदेश भेजी जा रही थी रकम
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के देशव्यापी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी कर सट्टा पैनल संचालित करने वाले लोगों के नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच के दौरान कई स्थानों पर लाइव ऑनलाइन सट्टा और जुए के पैनल सक्रिय मिले, जिन्हें मौके पर ही बंद कराया गया। कार्रवाई में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सट्टे से जुटाई गई रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। बाद में हवाला नेटवर्क के माध्यम से पैसा विदेश भेज दिया जाता था।
CBI के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई। उसे 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष अदालत से आठ दिन की पुलिस रिमांड हासिल की थी। पूछताछ में ऐप के संचालन और देश के अलग-अलग हिस्सों में फैले पैनल ऑपरेटरों के बारे में जानकारी मिली थी।
रायपुर-दुर्ग समेत कई शहरों में दबिश
CBI की टीमों ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग के अलावा अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर सहित विभिन्न शहरों में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध सट्टेबाजी का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
किराए के खातों से होता था पैसों का लेनदेन
जांच में पता चला है कि विदेश में बैठे संचालकों के इशारे पर भारत में पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क काम कर रहा था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी तैयार करते और उनसे सट्टे की रकम वसूलते थे। रकम को छिपाने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे या उनके खाते किराए पर लिए जाते थे। इन खातों के माध्यम से लेनदेन करने के बाद हवाला के जरिए रकम विदेश पहुंचाई जाती थी।
19 नवंबर तक जेल में था सौरभ, ED ने भी की गिरफ्तारी
CBI की आठ दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था। वहीं, शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर सात दिन की कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। मामले में CBI ने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। अब जांच एजेंसी विदेश में बैठे अन्य आरोपियों, नेटवर्क को सहयोग देने वालों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
खाता और सिम देने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी
जांच एजेंसी ने लोगों को आगाह किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। किसी अन्य व्यक्ति को सट्टे के लेनदेन के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में खाताधारक और दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा सकती है।