सुप्रीम कोर्ट की वकील होने का भी किया दावा, भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने के नाम पर पुलिस और वकील को पैसे देने का झांसा; रकम से आईफोन खरीदने का आरोप
रायपुर। राजधानी में दोस्ती और भरोसे की आड़ में ठगी का मामला सामने आया है। एक युवती ने अपनी बचपन की सहेली को खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर 1.88 लाख रुपए ठग लिए। आरोप है कि उसने सहेली के भाई का पारिवारिक विवाद खत्म कराने का भरोसा दिलाया और पुलिस अधिकारी को पैसे देने से लेकर बड़े वकील की फीस तक के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता को आरोपी की शैक्षणिक और पेशेवर पहचान पर संदेह हुआ। खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल की दोस्ती को बनाया ठगी का आधार
खमतराई निवासी आरजू शर्मा (24) निजी शिक्षिका हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि पूजा सिंह से उनकी पहचान स्कूल के दिनों से थी। दोनों डैजल पब्लिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़ी थीं। बाद में सोशल मीडिया के जरिए भी संपर्क बना रहा। अप्रैल 2025 में पूजा ने इंस्टाग्राम पर काले कोट और बैंड में अपनी तस्वीरें पोस्ट कर खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की वकील बताया था। रायपुर कोर्ट में भी उसे वकीलों और पक्षकारों के साथ वकील की पोशाक में देखने के कारण आरजू को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।
भाई का विवाद सुलझाने का दिया भरोसा
आरजू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ की प्राची शर्मा से हुई थी। कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। प्राची ने आदित्य, आरजू और उनकी मां के खिलाफ क्रूरता एवं उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इस परेशानी के बीच आरजू ने पूजा से कानूनी मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने बड़े पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से अपनी पहचान होने की बात कहकर विवाद खत्म कराने का भरोसा दिलाया।
जज बनने का दावा कर कराई वकील से मुलाकात
सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में पूजा ने दिल्ली से रायपुर आने की जानकारी दी। 13 सितंबर को आरजू ने उसे यात्रा खर्च के लिए 5 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे। रायपुर पहुंचने पर पूजा ने दावा किया कि उसका राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन हो चुका है और वह प्रशिक्षण ले रही है। इसलिए वह खुद केस नहीं लड़ सकती। उसने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से मामला लड़वाने की बात कही। 14 सितंबर को पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास आरजू की उनसे मुलाकात भी कराई गई।
पुलिस अधिकारी को देने के नाम पर मांगे 2 लाख
शिकायत के अनुसार, 16 सितंबर को पूजा ने बताया कि मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से उसकी बातचीत हो गई है। अधिकारी मामले को खत्म कराने और परिवार के खिलाफ एफआईआर नहीं होने देने के लिए 2 लाख रुपए मांग रहे हैं। इसके अलावा उसने अपनी और वकील की फीस के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग भी की। आरजू ने वकील के गूगल-पे खाते में 15 हजार और पूजा के खाते में 5 हजार रुपए भेजे। बाद में नकद भुगतान की बात कहकर उसने आरजू से 1.5 लाख रुपए लिए। पूजा के घर पर मौजूद उसके भाई, मां और चाचा ने भी उसके जज बनने की बात कहकर भरोसा दिलाया।
चौकी के बाहर क्यूआर कोड भेजकर भी लिए पैसे
उसी रात करीब 10 बजे पूजा, आरजू और उनका भाई मोहला-मानपुर चौकी पहुंचे। पूजा पुलिस अधिकारी से बातचीत करने के बहाने अंदर गई। कुछ देर बाद उसने आरजू को क्यूआर कोड भेजकर प्राची और उसके परिचितों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने के लिए 18 हजार रुपए मांगे। रकम मिलने के बाद उसने काम पूरा होने और सीडीआर के आधार पर केस खत्म होने की बात कही।
पहचान पर संदेह हुआ तो सामने आई सच्चाई
कुछ दिनों बाद आरजू को पूजा की एक परिचित से जानकारी मिली कि उसने कानून की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है। इसके बाद आरजू ने अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पूजा उनसे रकम वापस ले चुकी है और उनके पास केवल 5 हजार रुपए शेष हैं। उन्होंने पूजा की आईडी या शैक्षणिक प्रमाणपत्र देखने से भी इनकार किया। इस बीच पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए और मांगे। संदेह होने पर आरजू और उनके भाई ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया।
ठगी की रकम से आईफोन खरीदने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 16 सितंबर को रकम लेने के बाद पूजा नया आईफोन खरीदकर लाई और उसे दिखाया भी। आरजू ने इसे अपनी मेहनत की कमाई से खरीदा गया फोन बताया है। 3 अक्टूबर को जब वह रकम वापस मांगने पूजा के घर पहुंचीं तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील एवं सिविल जज बताकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
खमतराई पुलिस ने दर्ज किया अपराध
आरजू ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने 12 नवंबर को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेयी कर रहे हैं।