15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, महादेव घाट से बिरगांव तक होंगे सांस्कृतिक आयोजन; घाटों की सफाई और सुरक्षा के इंतजाम पूरे करने में जुटा प्रशासन
रायपुर। लोक आस्था का महापर्व छठ राजधानी रायपुर में इस बार व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। शहर के 50 से अधिक नदी-तालाबों और घाटों पर श्रद्धालु सूर्यदेव की आराधना करेंगे। चार दिवसीय पर्व को लेकर विभिन्न पूजा समितियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खारुन नदी के महादेव घाट से लेकर बिरगांव के व्यास तालाब, हीरापुर के छुईया तालाब और सड्डू तालाब तक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। महादेव घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर घाटों की सफाई, रोशनी, सजावट और पार्किंग की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
महादेव घाट पर महाआरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
महादेव घाट पर 15 नवंबर को शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें लखनऊ की लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और मुंबई की इशरत जहां केडिया छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी। छत्तीसगढ़ के कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका एवं आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेगी। शाम को घाट पर विशेष महाआरती भी आयोजित होगी। छठ महापर्व आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
व्यास तालाब में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। समिति के अनुसार, संध्या अर्घ्य और सुबह के उषा अर्घ्य के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। यहां हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समिति के कोमल रंजय सिंह ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आने-जाने तथा पूजा की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हीरापुर और सड्डू में भी होंगे आयोजन
हीरापुर के छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। यहां पटना से आए कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, सड्डू में छठ पूजा समिति की ओर से 15 नवंबर को शाम 4 बजे से कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें लल्लू महाराज सहित भोजपुरी कलाकार प्रस्तुति देंगे। महादेव घाट और व्यास तालाब के अलावा आमा तालाब, मच्छी तालाब तथा नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे।

चार दिनों तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई। 14 नवंबर को खरना के बाद व्रती निर्जला उपवास रखेंगे। 15 नवंबर की शाम को विभिन्न घाटों पर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती पारण करेंगे और चार दिवसीय व्रत का समापन होगा।
सूप, दउरा और ठेकुआ का विशेष महत्व
छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष धार्मिक महत्व है। इनमें फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद रखकर सूर्यदेव को अर्पित किया जाता है। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ इस पर्व का प्रमुख प्रसाद है। छठ पूजा में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। यह पर्व अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य की उपासना के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की सुख-समृद्धि और लोक आस्था का संदेश देता है।