प्रदेश में अब तक 37,792 किसानों ने बेचा धान, ऑनलाइन टोकन से 4.68 लाख से अधिक पंजीकरण जारी
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। उपार्जन केंद्रों में किसानों की बढ़ती आवक के साथ खरीदी का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। 18 नवंबर तक प्रदेश में 37,792 किसानों से 1,44,405 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के जरिए किसानों को घर बैठे धान बेचने की तारीख तय करने की सुविधा मिल रही है।
रायपुर। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है। किसानों को उपार्जन केंद्रों तक पहुंचने और अपनी उपज बेचने में सहूलियत देने के लिए लागू ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का बेहतर उपयोग हो रहा है। अब तक प्रदेशभर में 4 लाख 68 हजार 722 टोकन जारी किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से किसानों ने करीब 24.40 लाख मीट्रिक टन धान बेचने के लिए तिथि निर्धारित कराई है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 18 नवंबर तक राज्य के 37 हजार 792 किसानों से कुल 1 लाख 44 हजार 405 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। इस दौरान 38 हजार 139 टोकन के जरिए खरीदी की प्रक्रिया पूरी हुई। वहीं, 18 नवंबर को एक ही दिन में खरीदी ने रफ्तार पकड़ी और 12 हजार 554 टोकन के माध्यम से 48 हजार 297 मीट्रिक टन धान खरीदा गया।
राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों के परिश्रम का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
धान खरीदी व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों में जरूरी इंतजाम किए गए हैं। ऑनलाइन टोकन प्रणाली से किसानों को घर बैठे खरीदी की तारीख तय करने का विकल्प मिला है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी अवधि के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो।