पेंड्रा-केशकाल में धुंध से दृश्यता घटी, वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा; रायपुर में सामान्य से 9 डिग्री नीचे पहुंचा दिन का तापमान
चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और कई इलाकों में ठंड का एहसास बढ़ गया है।
रायपुर। प्रदेश में शनिवार सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। पेंड्रा में सुबह से बूंदाबांदी जारी है, जबकि केशकाल में बारिश के साथ धुंध छाई हुई है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
शुक्रवार को हुई बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। राजधानी रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9 डिग्री कम रहा। रात का तापमान 18.3 डिग्री रहा। दिनभर बादल छाए रहने के साथ शहर में 11.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। तापमान में गिरावट के कारण शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, अकवान चक्रवात कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़ा मौसम तंत्र अभी भी नमी खींच रहा है। इसके चलते प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे ठंडी रात
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान अंबिकापुर में 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
रायपुर में बादल, हल्की बारिश के आसार
राजधानी में शनिवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले दो दिन धीरे-धीरे बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में चक्रवाती सिस्टम के कमजोर होने के साथ बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बदलाव आएगा। हालांकि, फिलहाल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर बने रहने की संभावना है।