50 लाख रुपए मांगने से लेकर कर्मचारियों से मारपीट और धमकी देने की शिकायत, एसपी कार्यालय पहुंचा मामला
राजनांदगांव। राजनांदगांव-मोहला-मानपुर मार्ग के निर्माण को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। सड़क निर्माण कर रही कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने भाजपा नेता भरत वर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। शिकायत में 50 लाख रुपए की मांग, कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। कंपनी ने घटना के बाद निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
कुमरदा-घुप्साल के बीच सामने आया विवाद
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष साहू के अनुसार, 20 नवंबर को कुमरदा और घुप्साल के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान भरत वर्मा के साथ कंपनी के कर्मचारियों का विवाद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट भी हुई।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो में निर्माण स्थल पर कुछ लोगों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
कंपनी के एमडी से रकम मांगने का दावा
प्रोजेक्ट मैनेजर ने पुलिस को दिए आवेदन में दावा किया है कि कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम नहीं देने की स्थिति में निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों के साथ विवाद और धमकी की घटनाएं हुईं।
कंपनी का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता संबंधी जांच विभागीय स्तर पर कराई जा रही है और अधिकारियों की जांच के बाद ही काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों पर दबाव बनाए जाने का आरोप शिकायत में लगाया गया है।
काम बंद करने की भी जताई चिंता
कंपनी ने कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए खैरागढ़ से राजनांदगांव और आगे मानपुर तक चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने की मांग भी की है। प्रोजेक्ट मैनेजर के मुताबिक इस मार्ग पर डामरीकरण के अलावा अर्थवर्क, जीएसबी और डब्ल्यूएमएम का काम चल रहा है।
एफआईआर के लिए एसपी से शिकायत
मनीष साहू ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत की एक प्रति लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को भी दी गई है।
अब पुलिस शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल मामले में भाजपा नेता भरत वर्मा की ओर से आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।