टोकन कटवाकर उपज लेकर पहुंचे किसानों को लौटना पड़ा, खेतों में कटी फसल भीगने से गुणवत्ता बिगड़ने की चिंता
चक्रवाती तूफान अकवान के असर से छत्तीसगढ़ में हो रही बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में कटकर रखी धान की फसल भीग रही है, वहीं खरीदी केंद्रों में पानी भरने से तौल का काम प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को कई केंद्रों पर खरीदी बंद रहने के कारण टोकन लेकर धान बेचने पहुंचे किसानों को बिना उपज बेचे ही वापस लौटना पड़ा। इससे उन्हें दोबारा परिवहन का खर्च उठाने की चिंता सता रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के दौरान लगातार तीसरे चक्रवाती तूफान का असर किसानों पर दिखाई दे रहा है। इससे पहले अर्नब और मुरासु तूफान के कारण बारिश और तेज हवाओं ने फसलों को नुकसान पहुंचाया था। अब अकवान के प्रभाव से पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता फिर बढ़ा दी है।
खेतों में कटकर रखी धान की फसल बारिश में भीग रही है। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित होने, वजन में बदलाव आने और नमी बढ़ने का खतरा है। वहीं खेतों में खड़ी फसल के तेज हवा से गिरने और पानी भरने की आशंका भी बनी हुई है। रायपुर में फसल को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए एक किसान भावुक हो गए।
बारिश का असर सरकारी धान खरीदी पर भी पड़ा है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में उपार्जन केंद्रों पर तौल रोकनी पड़ी। जिन किसानों ने पहले ही टोकन कटवा लिया था, वे किराए के वाहनों से धान लेकर केंद्र पहुंचे, लेकिन खरीदी नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। अब किसानों को नई तारीख और टोकन का इंतजार करना होगा। इससे वाहन किराए का अतिरिक्त बोझ भी उठाना पड़ेगा।
रायपुर में खरीदी केंद्रों में भरा पानी
रायपुर जिले में अकवान तूफान के असर से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते कई धान खरीदी केंद्रों में पानी भर गया और जमीन गीली होने से तौल का काम रोकना पड़ा। केंद्रों में रखे धान को कैप कवर से ढककर सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।
सबसे अधिक परेशानी उन किसानों को हो रही है, जिन्होंने खेतों में धान काटकर रखा है। बारिश में भीगने से फसल में अंकुरण और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। किसान श्याम साकरकर और सगु राम साहू ने बताया कि मौसम की मार के साथ धान बेचने की चिंता भी उन्हें परेशान कर रही है।
दुर्ग में 1,092 टोकन, खरीदी सिर्फ 21 की
दुर्ग जिले में भी बारिश के कारण कई खरीदी केंद्रों पर तौल प्रभावित रही। शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी किए गए थे, लेकिन केवल 21 टोकन के माध्यम से 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। जिले में अब तक 2,929 किसानों से कुल 12,356.44 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।
गगापुर के किसान मोहन दास मानिकपुरी 300 कट्टा धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बारिश के कारण उनकी उपज की तौल नहीं हो सकी। अब उन्हें दोबारा वाहन किराए पर लेने की चिंता सता रही है।