वॉट्सऐप वॉइस नोट और कॉल में खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया; घर के बाहर तीन दिन से पुलिस तैनात, नंबर की जांच जारी
दुर्ग। दुर्ग में दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट भेजने के साथ कॉल कर रकम देने का दबाव बनाया गया। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की चेतावनी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने कारोबारी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है और धमकी देने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
मामला दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को शशांक चोपड़ा के वॉट्सऐप पर एक वॉइस नोट आया। इसके बाद उन्हें कॉल करके भी धमकाया गया। संदेश भेजने और फोन करने वाले ने 15 करोड़ रुपए की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि रकम नहीं मिलने पर परिवार के एक सदस्य को जान से मार दिया जाएगा।
धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कारोबारी के घर के बाहर सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए हैं। पिछले तीन दिनों से पुलिस की टीम परिवार की सुरक्षा में लगी हुई है।
वॉइस नोट और मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच
पुलिस वॉट्सऐप पर मिले वॉइस मैसेज, कॉल और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की जांच कर रही है। धमकी देने वाले की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। जांच की जा रही है कि आरोपी का वास्तव में गैंग से कोई संबंध है या उसने केवल गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।
मेडिकल खरीदी से जुड़े मामले में भी आया था नाम
शशांक चोपड़ा की फर्म मेडिकल उपकरण, जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य से संबंधित सामान की आपूर्ति करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरण और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था।
इस मामले में जनवरी 2025 में एसीबी और ईओडब्ल्यू ने केस दर्ज किया था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने भी लेनदेन की जांच शुरू की थी। जांच एजेंसियों ने खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इस मामले में शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार भी किया गया था। बाद में अलग-अलग मामलों में अदालत से उन्हें जमानत मिल गई थी।