रतनपुर के पास बिलासपुर-कोरबा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, रायपुर से घूमने निकले 7 युवक-युवतियां थे सवार; 6 घायल
रायपुर से धार्मिक स्थलों के दर्शन और पर्यटन के लिए निकले युवक-युवतियों की खुशियां बिलासपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मातम में बदल गईं। रतनपुर के पास तेज रफ्तार इको कार सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार ट्रेलर के पहियों और ट्रॉली के बीच फंस गई। चालक को हादसे का पता नहीं चला और वह कार को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा। दुर्घटना में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।
बिलासपुर। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रतनपुर के नजदीक रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रायपुर से महामाया मंदिर और चैतुरगढ़ घूमने निकले युवक-युवतियों की इको कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक युवती की जान चली गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक को झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा।
पहियों के बीच फंसी कार, चालक बढ़ाता रहा रफ्तार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार ट्रेलर की ट्रॉली और पिछले पहियों के बीच फंस गई। इसके बावजूद ट्रेलर चालक को दुर्घटना का एहसास नहीं हुआ। वह वाहन चलाता रहा और कार सड़क पर करीब आधा किलोमीटर तक घिसटती चली गई। पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों ने ट्रेलर चालक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसने वाहन रोका।
चीख-पुकार सुनकर मदद के लिए पहुंचे लोग
कार के भीतर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर के साथ कार घिसटती दिखाई दे रही है।
दर्शन के बाद चैतुरगढ़ जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, इको वाहन क्रमांक CG 04 NQ 9785 में रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के युवक-युवतियां सवार थे। वाहन चालक अर्थ साहू बुकिंग लेकर सभी को महामाया मंदिर रतनपुर और चैतुरगढ़ घुमाने ले जा रहा था। महामाया मंदिर में दर्शन के बाद सभी चैतुरगढ़ के लिए रवाना हुए थे। रतनपुर से आगे बेलपारा के पास टोल प्लाजा के नजदीक यह हादसा हो गया।
घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। सभी घायलों को पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।