ओला, उबर और रैपिडो संचालकों की बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश, ज्यादा किराया वसूलने, दुर्व्यवहार और मारपीट करने पर होगी कार्रवाई
माना एयरपोर्ट पर यात्रियों को टैक्सी सेवा के नाम पर परेशान करने और सवारी बैठाने को लेकर चालकों के बीच आए दिन होने वाले विवादों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। ओला, उबर, रैपिडो सहित अन्य टैक्सी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों से निर्धारित किराया ही लिया जाए और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने, जबरन अधिक किराया वसूलने या मारपीट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर। राजधानी के माना एयरपोर्ट पर टैक्सी सेवाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस ने व्यवस्था सुधारने की पहल की है। यात्रियों से मनमाना किराया मांगने, सवारी बैठाने को लेकर चालकों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी टैक्सी ऑपरेटरों को चेतावनी दी है।
रायपुर ग्रामीण एसपी के निर्देश पर एएसपी ने माना स्थित सीएसपी कार्यालय में टैक्सी कंपनियों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। इसमें ओला, उबर, रैपिडो समेत अन्य टैक्सी सेवाओं के संचालक शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए चालक निर्धारित किराया लें और यात्रियों के साथ शालीनता से पेश आएं।
सवारी को लेकर चालकों में हो चुका है विवाद
17 नवंबर को एयरपोर्ट परिसर में यात्री को बैठाने को लेकर दो टैक्सी चालकों के बीच विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। यात्रियों के सामने हुए हंगामे को देखते हुए सीआईएसएफ जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया था।
इससे पहले सितंबर 2024 में भी एयरपोर्ट के पार्किंग नंबर-1 के पास टैक्सी चालकों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। जनवरी 2024 में भी टैक्सी चालकों और ट्रैवल कंपनी के कर्मचारियों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इस मामले में एक चालक के सिर पर चोट आई थी। इसके बाद तुराब अली और हरविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
ऐप पर 281 रुपए किराया, चालक ने मांगे 500 रुपए अतिरिक्त
टैक्सी चालकों की मनमानी को लेकर नवंबर 2026 में इटली की डीजे ओली एस्से ने भी सोशल मीडिया पर रायपुर में रैपिडो से यात्रा का अनुभव साझा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि मोबाइल ऐप पर यात्रा का किराया 281 रुपए प्रदर्शित हो रहा था, लेकिन चालक ने इसके अतिरिक्त 500 रुपए की मांग की। उन्होंने कंपनी से संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने ऑपरेटरों को साफ कर दिया है कि किराए को लेकर विवाद, यात्रियों से अभद्रता, जबरन वसूली और मारपीट जैसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में संबंधित चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कंपनियों से भी अपने चालकों को नियमों और यात्री सेवा के प्रति जिम्मेदार बनाने को कहा है।