मुकेश अग्रवाल सभापति की टेबल तक पहुंचे, विरोध में विपक्षी पार्षद जमीन पर बैठे; कार्यवाही रोककर राष्ट्रगान के बाद सभा स्थगित
भिलाई। भिलाई नगर निगम की मौजूदा परिषद की आखिरी सामान्य सभा शुक्रवार को तीखे विवाद और हंगामे के बीच समाप्त हुई। बोलने का अवसर नहीं मिलने से नाराज वार्ड-2 के भाजपा पार्षद मुकेश अग्रवाल टेबल पर चढ़कर सभापति की टेबल के पास पहुंच गए। इसके बाद विपक्षी पार्षदों ने विरोध जताते हुए जमीन पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते सदन का माहौल गरमा गया और पार्षद कुर्सियां छोड़कर सामने आ गए। स्थिति बिगड़ने पर कार्यवाही रोकनी पड़ी। अंत में राष्ट्रगान के बाद सभा को स्थगित कर दिया गया।
टेबल पर चढ़कर सभापति के पास पहुंचे मुकेश
सामान्य सभा के दौरान वार्ड-2 के भाजपा पार्षद मुकेश अग्रवाल अपनी बात रखने के लिए लगातार अवसर मांग रहे थे। उनका कहना था कि करीब 15 मिनट तक अनुमति मांगने के बावजूद उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर वे टेबल पर चढ़ गए और सभापति की टेबल के समीप पहुंच गए। उनके इस कदम के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया।
विपक्ष ने जमीन पर बैठकर जताया विरोध
मुकेश अग्रवाल के विरोध में विपक्षी पार्षद भी अपनी सीटों से उठकर नीचे बैठ गए। कुछ ही देर में अन्य पार्षद भी कुर्सियां छोड़कर सामने आ गए। सदन में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और विरोध के कारण सामान्य सभा की कार्यवाही प्रभावित हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्यवाही रोकनी पड़ी।

राष्ट्रगान के बाद सभा स्थगित
लगातार बढ़ते विवाद के बीच सामान्य सभा की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। आखिरकार राष्ट्रगान कराया गया और इसके बाद सभा स्थगित कर दी गई। मौजूदा परिषद की यह आखिरी सामान्य सभा होने के कारण घटनाक्रम ने राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चा बटोरी।
सांसद ने भागवत कथा को लेकर पार्षदों पर कसा तंज
सभा के दौरान सांसद विजय बघेल ने पार्षदों पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि कुछ पार्षद लगातार भागवत कथाओं का आयोजन कराते हैं। उन्होंने अन्य पार्षदों से भी उनसे सीख लेकर भागवत कथा आयोजित कराने की बात कही। सांसद की इस टिप्पणी पर सदन में चर्चा का माहौल बना रहा।
नेता प्रतिपक्ष ने महापौर पर लगाए गंभीर आरोप
सभा में नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने महापौर नीरज पाल पर 400 करोड़ रुपए से अधिक के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने निगम के कामकाज और विभिन्न मामलों को लेकर महापौर पर सवाल उठाए। सामान्य सभा के अंतिम दिन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के साथ सदन की कार्यवाही विवादों में समाप्त हुई।