हिमाचल के कसोल स्थित होटल से छत्तीसगढ़ तक फैला था नशे का कारोबार, नाइजीरियाई नागरिक समेत 3 दोषी करार; 6 आरोपियों को मिला संदेह का लाभ
रायपुर के बहुचर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में विशेष एनडीपीएस अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने नौ आरोपियों में से तीन को मादक पदार्थों की तस्करी का दोषी मानते हुए 20-20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। दोषियों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर छह अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
रायपुर। हिमाचल प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक संचालित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के चर्चित मामले में एनडीपीएस की विशेष अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने मामले के तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 20 साल की सजा सुनाई। वहीं, छह आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया गया। इस प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए थे। सरकारी अधिवक्ता स्वामी शर्मा ने फैसले की जानकारी दी।
जांच में सामने आया था कि आरोपी नाइजीरियाई नागरिक से मादक पदार्थ खरीदते थे और हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल को ठिकाना बनाकर छत्तीसगढ़ तक इसकी आपूर्ति करते थे। इस नेटवर्क के तार दिल्ली तक जुड़े होने की बात भी जांच में सामने आई थी।
शुभम के बयान से खुला था नेटवर्क
यह मामला वर्ष 2024 में टिकरापारा थाने में दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की जांच की थी। इसके बाद आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, ओयनका स्टीफेन, अमनदीप छाबड़ा, अभिषेक साहू, लोकेश यादव और अशोक साहू सहित कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया गया था।
कमल विहार में छापे के दौरान मिला था नशे का सामान
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2024 को मुखबिर से सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान शुभम सोनी के कब्जे से 31.88 ग्राम चरस और 98 एमडीएमए टैबलेट बरामद की गई थीं, जिनका कुल वजन 45.08 ग्राम था।
इसके अलावा एक पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपए नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।
कसोल के होटल से रायपुर पहुंचाई जाती थी कोकीन
पुलिस जांच में आर्यन ठाकरे की भूमिका भी सामने आई थी। वह हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल एप्पल पाई में मैनेजर के रूप में काम करता था। उसने अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री के साथ मिलकर होटल लीज पर लिया था।
जांच के दौरान आर्यन के कब्जे से 65.50 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार, वह सितंबर 2024 में कोकीन लेकर कसोल से रायपुर आया था। उसे नरैया तालाब के पास माल की डिलीवरी करनी थी।
कमीशन लेकर करता था ड्रग्स की सप्लाई
अभिषेक साहू उर्फ चीनी के बयान के अनुसार, वह शुभम सोनी के लिए मादक पदार्थ मंगवाने और आगे पहुंचाने का काम करता था। इसके लिए अमनदीप छाबड़ा द्वारा बताए गए बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। ड्रग्स की तस्वीरें और लोकेशन वॉट्सऐप तथा स्नैपचैट के माध्यम से भेजी जाती थीं। अभिषेक को प्रत्येक खेप पहुंचाने के बदले 25 हजार रुपए कमीशन मिलने की बात भी जांच में सामने आई थी।
बैंक खातों और विदेशी संपर्कों से चलता था कारोबार
जांच में नाजरे आलम नाम के व्यक्ति के कोटक महिंद्रा बैंक खाते का भी उल्लेख सामने आया। पुलिस के अनुसार, इसी खाते में ड्रग्स खरीदने के लिए रकम जमा कराई जाती थी। अमनदीप के बयान में नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और दिल्ली में सक्रिय अन्य लोगों से कोकीन तथा एमडीएमए मिलने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद आर्यन के जरिए नशीले पदार्थ रायपुर पहुंचाए जाते थे।