उरला और खमतराई में 20 कारोबारियों के यहां एक साथ जांच, 10 के पास नहीं मिले कबाड़ खरीदी-बिक्री के वैध दस्तावेज
राजधानी में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर जोन पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। उरला और खमतराई क्षेत्र में एक साथ 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर दबिश देकर जांच की गई। इस दौरान 10 कारोबारियों के यहां से करीब 8 टन कबाड़ बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अब पुलिस कबाड़ के स्रोत और खरीदी-बिक्री के रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
रायपुर। शहर में कबाड़ की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में उत्तर जोन की टीमों ने उरला और खमतराई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 20 कबाड़ियों के ठिकानों की तलाशी ली। जांच के दौरान 10 स्थानों पर संदिग्ध कबाड़ मिलने पर करीब 8 टन स्क्रैप जब्त किया गया।
यह अभियान डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस टीमों ने कबाड़ दुकानों और गोदामों में रखी सामग्री के साथ कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की।
उरला में छह और खमतराई में चार जगह कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, उरला थाना क्षेत्र में आठ कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की गई। इनमें छह स्थानों पर दस्तावेजों के अभाव में कबाड़ जब्त किया गया। इसी तरह खमतराई क्षेत्र में 12 कारोबारियों के यहां जांच के दौरान चार स्थानों से संदिग्ध सामग्री मिली। इस प्रकार कुल 10 ठिकानों से लगभग 8 टन कबाड़ जब्त किया गया।
कबाड़ कहां से आया, इसकी हो रही पड़ताल
पुलिस अब जब्त सामग्री की खरीदी-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड, रजिस्टर, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संबंधित कबाड़ किन स्रोतों से खरीदा गया था और इसके कारोबार में किन लोगों की भूमिका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में चोरी का सामान खरीदने या अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।