कम कीमत पर पैनल सप्लाई और इंस्टॉलेशन का दिया था भरोसा, रकम लेने के बाद न माल पहुंचाया न काम कराया
सोलर पैनल की खरीद और इंस्टॉलेशन के कारोबार में मुनाफे का लालच देकर एक कारोबारी से 34 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में पहले से जेल में बंद था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे दुर्ग लाकर पूछताछ की जा रही है।
दुर्ग-भिलाई। सोलर पैनल की सप्लाई और इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने विवेक मिश्रा (27) को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के पालघर का निवासी है। वह मुंबई की सेंट्रल जेल में एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में बंद था। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट और ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर उसे दुर्ग लाया। न्यायालय में पेशी के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए उसकी रिमांड हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के जरिए उनकी बातचीत स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल से हुई थी। दोनों ने खुद को मुंबई की सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा बताया और बाजार भाव से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने के साथ ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया।
कंपनी से जुड़े लोगों ने इस कारोबार में बेहतर मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। प्रस्ताव पर विश्वास करते हुए नवीन कुमार ने अपनी फर्म की ओर से कंपनी के बैंक खातों में रकम जमा कराई। बैंक ऑफ बड़ौदा के नंदनी रोड भिलाई स्थित खाते और कोटक महिंद्रा बैंक के सुपेला स्थित खाते से आईएमपीएस और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 34 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। रकम मिलने के बाद न तो सोलर पैनल की सप्लाई की गई और न ही इंस्टॉलेशन कराया गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल और संबंधित बैंकों की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों व खातों की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर विवेक मिश्रा की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि आरोपी मुंबई के बांगुर नगर थाने में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी के प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय कर प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और उसे दुर्ग लाया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से रकम के लेन-देन, बैंक खातों और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।