रंगला पंजाब ढाबे के पास बस स्टैंड पर कर रहे थे चिट्टे की बिक्री, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जामुल पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों कुरूद स्थित रंगला पंजाब ढाबे के पास हेरोइन बेचने की तैयारी में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 24.45 ग्राम चिट्टा, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4 लाख 66 हजार 800 रुपए बताई गई है।
दुर्ग-भिलाई। कुरूद क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना पर जामुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों रंगला पंजाब ढाबे के पास बस स्टैंड पर हेरोइन (चिट्टा) बेच रहे थे। मुखबिर से मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी की और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओंकार सिंह (23), निवासी सुभाष मार्केट, केएलसी जोन-2 खुर्सीपार और लुकेश कुमार सिंह (29), निवासी मौर्या कोचिंग के पास, 18 नंबर रोड कैम्प-1, वैशाली नगर के रूप में हुई है।
तलाशी में चिट्टा और नकदी बरामद
पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से 24.45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और 3,200 रुपए नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ, मोबाइल और नकदी की कुल अनुमानित कीमत 4,66,800 रुपए आंकी है।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रंगला पंजाब ढाबे के पास दो युवक चिट्टे की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर दोनों को हिरासत में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई
जामुल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। 27 नवंबर को विधिवत गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।