डुण्डेरा की छह खसरों की कृषि भूमि को लेकर विवाद, हैंडराइटिंग जांच में दस्तावेजों पर दर्ज हस्ताक्षर मेल नहीं खाने की रिपोर्ट
दुर्ग जिले में पैतृक कृषि भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे के नाम कराने का मामला सामने आया है। उतई पुलिस ने जांच के बाद जमीन की रजिस्ट्री में धोखाधड़ी के आरोप में पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके पिता के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार किया गया और इसी आधार पर जमीन पत्नी के नाम दर्ज करा दी गई।
दुर्ग-भिलाई। ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को लेकर हुए विवाद में उतई पुलिस ने शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन के दस्तावेजों में कूटरचना की और फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर भूमि की रजिस्ट्री सीमा साहू के नाम करा दी।
शिकायतकर्ता पन्नालाल साहू ने 10 नवंबर 2026 को दुर्ग एसएसपी के समक्ष आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की थी। उनका कहना है कि उनके पिता बोधीराम साहू भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। ग्राम डुण्डेरा में उनके नाम छह खसरों की कृषि भूमि दर्ज थी। परिवार के मुताबिक, बोधीराम ने शिवकुमार साहू या उसकी पत्नी के साथ जमीन बेचने का कोई समझौता नहीं किया था।
दो दस्तावेजों में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
शिकायत के अनुसार, 24 सितंबर 2022 को 60 रुपए के स्टाम्प पेपर पर बोधीराम साहू के नाम से इकरारनामा तैयार किया गया। इसमें कौशल साहू और सुमनलाल साहू को गवाह दर्शाया गया था। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को 50 रुपए के स्टाम्प पेपर पर बिक्री नामा बनाया गया। पन्नालाल का आरोप है कि दोनों दस्तावेजों में उनके पिता के फर्जी हस्ताक्षर किए गए। इकरारनामा के लिए स्टाम्प पेपर रोहित साहू के माध्यम से खरीदे जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
हैंडराइटिंग जांच में हस्ताक्षर नहीं मिले मेल
शिकायतकर्ता ने दोनों दस्तावेजों पर दर्ज हस्ताक्षरों की जांच रायपुर के हैंडराइटिंग विशेषज्ञ डॉ. एसके ढेंगे से कराई थी। 5 नवंबर 2026 को प्राप्त रिपोर्ट में हस्ताक्षरों को बोधीराम साहू के हस्ताक्षर से मेल नहीं खाने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।
विवादित जमीन ग्राम डुण्डेरा में खसरा नंबर 279/1, 1079, 1080/2, 1081, 1352 और 1412/1 में दर्ज है। शिकायतकर्ता का दावा है कि परिवार लंबे समय से इस भूमि पर काबिज रहा है। पन्नालाल और उनके भाई अरुण कुमार साहू शासकीय सेवा में शिक्षक हैं।
दस्तावेज और स्टाम्प पेपर जब्त
पुलिस ने जांच के बाद उतई थाने में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 34 में मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान शिवकुमार, सीमा और कौशल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शिवकुमार से बिक्री नामा का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट और इकरारनामा का मूल स्टाम्प पेपर जब्त किया है। सीमा साहू से 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प पेपर और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति बरामद की गई। शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए 43 पन्नों के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पन्नालाल ने अपनी शिकायत में शिवकुमार, सीमा, रोहित, कौशल और सुमनलाल के नाम शामिल किए थे। हालांकि, पुलिस की 27 नवंबर की विज्ञप्ति में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। शेष दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।