गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई, मानव तस्करी के दलदल से बच्चों को मिली आज़ादी
रोहतास, बिहार – गुरुवार सुबह रोहतास जिले के नटवार बाजार स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 नाबालिग लड़कियों और 4 लड़कों को रेस्क्यू किया। पुलिस के छापे के दौरान कई डांसर मौके से फरार हो गईं, जिनकी तलाश जारी है। रेस्क्यू की गई सभी लड़कियां छत्तीसगढ़ की हैं, जबकि चारों लड़के बिहार के रहने वाले हैं।
मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो इन लड़कियों के परिवारों से संपर्क में थे और पैसों की लालच देकर उन्हें इस दलदल में धकेलते थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि लड़कियों से कमाए गए पैसे का एक हिस्सा उनके परिवार वालों को दिया जाता था। बाल कल्याण समिति के सदस्य गगन पांडे ने बताया कि अधिकतर लड़कियां गरीब परिवारों से आती हैं। उन्हें 30-50 हजार रुपये देकर खरीदा जाता था और धीरे-धीरे पैसों के लालच में उन्हें इस अंधेरे रास्ते पर धकेल दिया जाता था।
रोहतास SP रोशन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने NGO की मदद से छापा मारा और 45 नाबालिगों को बचाया। जांच में पता चला कि इन बच्चों को दूसरे राज्यों से लाकर डांस और अनैतिक कार्यों में जबरदस्ती धकेला जाता था। रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को सासाराम स्थित बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया है, जहां उनकी उम्र और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। यह मामला मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण की भयावह सच्चाई को उजागर करता है, जहां कई बच्चों को उनके माता-पिता ने कुछ पैसों के लिए इस दलदल में धकेल दिया था।