भिलाई की बंधन बैंक शाखा से जुड़े 13 संदिग्ध खातों की जांच में सामने आए 3 मुख्य आरोपी, साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग जिले की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। बंधन बैंक की भिलाई शाखा से जुड़े संदिग्ध खातों की जांच के बाद पुलिस ने तीन म्यूल अकाउंट होल्डर्स को गिरफ्तार किया है, जिनके खातों में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। जांच के आधार पर इन खातों में लाखों रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
दुर्ग। दुर्ग जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के पैसों को इस्तेमाल करने वाले तीन म्यूल अकाउंट होल्डर्स को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी बंधन बैंक की स्मृति नगर भिलाई शाखा से जुड़े एक साइबर ठगी के मामले की जांच के बाद हुई।
पुलिस ने इस मामले में कुल 13 संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की थी, जिनमें से तीन खातों को ठगी की रकम के लेन-देन में प्रमुख भूमिका निभाते पाया गया। ये खाते प्रेम प्रकाश बांधे (उम्र 19), फैजल अहमद (उम्र 24) और देवेन्द्र कुमार गुप्ता (उम्र 22) के नाम पर थे, जो क्रमशः दुर्ग और भिलाई के निवासी हैं।
जांच में सामने आया कि इन खातों में साइबर फ्रॉड की रकम ₹52,716 ट्रांसफर की गई थी, जबकि कुल ट्रांजैक्शन राशि ₹1,61,084 थी। पुलिस ने 23 मई 2025 को तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की, और उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत भी मिले। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साइबर थाना पुलिस अन्य संदिग्ध खातों की जांच में भी जुटी है और मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।