
पांच लाख का इनामी नक्सली कुंजाम माड़वी हिड़मा जंगल से गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर पुलिस ने दी सफाई
ओडिशा के कोरापुट जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पांच लाख का इनामी और वर्षों से नक्सली गतिविधियों में संलग्न कुंजाम हिड़मा को AK-47 और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया है। उसकी गिरफ्तारी ने नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। वहीं सोशल मीडिया पर फैली एक अफवाह को लेकर पुलिस ने स्पष्टता भी दी है।
जगदलपुर। ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ बॉर्डर से सटे घने जंगलों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पांच लाख के इनामी नक्सली कुंजाम माड़वी हिड़मा उर्फ मोहन को AK-47 राइफल और विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह नक्सली ACM कैडर का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, हिड़मा की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के त्रिकोणीय सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन चलाया जा रहा था। जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और झाड़ियों में छिप गया। सतर्क पुलिस बल ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से AK-47 राइफल, कारतूस, डेटोनेटर, और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। आरोपी की पहचान बीजापुर (छत्तीसगढ़) निवासी कुंजाम माड़वी हिड़मा के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से नक्सल संगठन से जुड़ा था और ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर हुई कई वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे नक्सली नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
इधर, गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से फैलने लगी कि पकड़ा गया व्यक्ति कुख्यात माओवादी और सेंट्रल कमेटी मेंबर ‘माड़वी हिड़मा’ है, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम है। इस अफवाह पर बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति वह नहीं है जिसे एक करोड़ का इनामी बताया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। ओडिशा पुलिस की यह कार्रवाई निश्चित ही नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है।