
हिमाचल के मंडी और चंबा जिलों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं; लापता लोगों की तलाश जारी | झारखंड, मध्य प्रदेश और बिहार में भी बारिश से हालात बिगड़े
देश के कई राज्यों में मानसूनी बारिश कहर बनकर टूट रही है। हिमाचल प्रदेश के चंबा और मंडी जिलों में बादल फटने से पुल बह गए और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, झारखंड में अवैध कोयला खदान धंसने से चार लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश और बिहार में भी बाढ़ और आकाशीय बिजली जैसी आपदाएं जानलेवा साबित हो रही हैं।
हिमाचल प्रदेश (ए)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। चंबा जिले में कंघेला नाले पर बना पुल बह गया, जबकि मंडी जिले की चौहार घाटी में एक मोटर पुल सहित तीन पैदल पुल तेज बहाव में बह गए। राज्य में 20 जून से सक्रिय मानसून अब तक 75 लोगों की जान ले चुका है, जबकि 288 लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक 14 मौतें मंडी जिले में हुई हैं और 31 लोग अभी भी लापता हैं। मौसम विभाग ने आज भी तेज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
उधर, झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार सुबह तेज बारिश के बीच महुआ टांगरी इलाके में एक अवैध कोयला खदान धंस गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए हैं। राज्य में सोमवार सुबह तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का प्रकोप जारी है। मंडला जिले में नर्मदा नदी उफान पर है, जबकि नरसिंहपुर और होशंगाबाद को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे पुल ढह गया है, जिससे यातायात बाधित हो गया है। बिहार के 18 जिलों में भी आज यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को अररिया और मुंगेर में बारिश दर्ज की गई, वहीं सासाराम में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई और एक महिला झुलस गई।