रोजमर्रा के व्यापार पर पड़ेगा असर: चैंबर महामंत्री अजय भसीन की आपत्ति, रायपुर-बिलासपुर NH समेत कई मार्ग रहेंगे अवरुद्ध, स्कूली बसों और एम्बुलेंस को रहेगी छूट
चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस द्वारा मंगलवार को की जा रही आर्थिक नाकेबंदी को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन नहीं मिला है। व्यापारियों ने कहा कि इस तरह के आंदोलनों से सामान्य जनजीवन और कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ता है। वहीं कांग्रेस प्रदेशभर के 33 जिलों में चक्काजाम कर रही है, जिससे कई राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो सकते हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को प्रदेशव्यापी चक्काजाम किया जा रहा है। लेकिन इस आंदोलन को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन नहीं मिला है। चैंबर के महामंत्री अजय भसीन ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे आंदोलनों से व्यापारी वर्ग प्रभावित होता है और इसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर भी पड़ता है।
कांग्रेस के आह्वान पर रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। रायपुर में वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर चौक, धरसींवा और धनेली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध किए जा रहे हैं। इसी तरह बिलासपुर के सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर के नीचे चक्काजाम की योजना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। जगदलपुर में आमागुड़ा चौक और दुर्ग जिले में छह से अधिक स्थानों पर रास्ते अवरुद्ध किए जाएंगे। प्रदर्शन दोपहर 2 बजे तक चलेगा। हालांकि स्कूली बसों और एम्बुलेंस को आवागमन में छूट दी गई है।
इस आंदोलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता – प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव सहित अन्य नेता भाग लेंगे। रायपुर समेत 12 जिलों में कांग्रेस ने प्रदर्शन की सफलता के लिए प्रभारियों की भी नियुक्ति की है।