बिलासपुर में आधा दर्जन दुकानों पर छापा; नकली कॉस्मेटिक्स की आशंका में सैंपल भेजे गए जांच के लिए, एफडीए ने दर्ज किया मामला।
बिलासपुर शहर में बिना अनुमति के दवा बिक्री और नकली कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के संदेह पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। तेलीपारा क्षेत्र की एक दुकान से अवैध रूप से भंडारित दवाएं जब्त की गईं, जबकि पांच अन्य दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए रायपुर लैब भेजे गए हैं।
रायपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बिलासपुर में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन कॉस्मेटिक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तेलीपारा स्थित ‘आकाश बैंगल्स एवं कॉस्मेटिक’ नामक दुकान से बिना लाइसेंस के रखा गया औषधियों का जखीरा बरामद किया गया। अनुमानित 30 हजार रुपये मूल्य की दो कार्टून दवाएं जब्त की गईं, जिनकी बिक्री बीते चार वर्षों से अवैध रूप से की जा रही थी। संबंधित दुकान के विरुद्ध औषधि अधिनियम 1945 की धारा 18-C और 18-A के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
नकली कॉस्मेटिक्स की आशंका, 5 दुकानों से लिए गए सैंपल
बाजार में नकली कॉस्मेटिक उत्पादों की बढ़ती खबरों के बीच प्रशासन ने व्यापार विहार, मंगला और तेलीपारा क्षेत्रों की दुकानों पर जांच की। मेसर्स संतोष जनरल स्टोर्स, नरेश ट्रेडर्स (व्यापार विहार), मां कॉस्मेटिक एंड जनरल स्टोर, मनोज फैंसी एंड स्टेशनरी (मंगला), तथा आदित्य ट्रेडिंग (तेलीपारा) से विभिन्न कॉस्मेटिक उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए रायपुर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अधिकारियों की निगरानी में चली कार्रवाई
इस पूरे अभियान में सहायक औषधि नियंत्रक श्री भीष्म देव सिंह कंवर और नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच टीम में औषधि निरीक्षक सुनील पंडा, श्रीमती सोनम जैन, अश्विनी कुमार, श्री आशीष पांडे, कामेश्वरी पटेल, और श्रीमती नीलिमा साहू शामिल रहे।