भिलाई के साईं नगर में अकेले रह रहा था छात्र, घटना के बाद माता-पिता हुए बेसुध; आत्महत्या की वजह अब तक अज्ञात
दुर्ग जिले के भिलाई से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां लोक निर्माण विभाग के एसडीओ के बेटे ने आत्महत्या कर ली। 26 वर्षीय छात्र इंद्रप्रीत सिंह सैनी का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन घटना की जानकारी मिलते ही जगदलपुर से भिलाई पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
भिलाई (दुर्ग)। लोक निर्माण विभाग में पदस्थ एसडीओ के बेटे ने आत्महत्या कर ली। घटना 23 जुलाई की है, जब भिलाई के कातुलबोर्ड स्थित साईं नगर कॉलोनी में 26 वर्षीय इंद्रप्रीत सिंह सैनी का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। इंद्रप्रीत भिलाई में रहकर एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा था और घटना के वक्त वह घर में अकेला था।
इंद्रप्रीत के पिता जनरल सिंह सैनी जगदलपुर में लोक निर्माण विभाग में एसडीओ हैं, जबकि मां शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और छोटा भाई तुरंत जगदलपुर से भिलाई रवाना हुए और शाम को साईं नगर स्थित घर पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बेसुध हो गईं और परिजन गहरे सदमे में हैं।परिजनों ने बताया कि इंद्रप्रीत दो भाइयों में बड़ा था और काफी शांत स्वभाव का था। उन्होंने कहा कि उसे किसी तरह की पारिवारिक या मानसिक परेशानी नहीं थी। आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर के अनुसार, सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मर्चुरी भेजा गया। पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका पता लगाने पुलिस साइबर और पारिवारिक पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।