साढू को खदान ले जाकर सिर कुचलकर मार डाला; शराब की बोतल और CCTV फुटेज ने किया पर्दाफाश, मां भी शामिल थी साजिश में
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति से परेशान होकर उसकी हत्या की साजिश रची। महिला ने अपने जीजा को एक लाख रुपए की सुपारी दी, जिसने चिकन-शराब पार्टी के बहाने पति को खदान ले जाकर बेरहमी से मार डाला। वारदात का खुलासा शराब की एक बोतल और CCTV फुटेज से हुआ।
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। चकरभाठा थाना क्षेत्र के तिफरा गांव में एक महिला ने घरेलू हिंसा से परेशान होकर अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली। 17 जुलाई को उसका जीजा, राजाबाबू खूंटे, मृतक साहिल पटेल को चिकन और शराब पार्टी का झांसा देकर हिर्री माइंस स्थित खदान में ले गया। वहां दोस्त की मदद से साहिल को जमकर शराब पिलाई गई और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई।

साजिश में पत्नी वर्षा खूंटे और उसकी मां शामिल थीं। उन्होंने राजाबाबू से एक लाख में हत्या का सौदा तय किया था, जिसमें 8 हजार रुपए एडवांस दिए गए थे। हत्या के बाद साहिल का शव नग्न अवस्था में डोलोमाइट खदान के पास मिला। घटनास्थल पर शराब की एक खाली बोतल मिलने से पुलिस को सुराग मिला। पुलिस ने इलाके की शराब दुकानों के CCTV खंगाले और तिफरा की सब्जी मंडी के पास स्थित एक दुकान से तीन युवकों की गतिविधियों की जानकारी मिली।
मोबाइल लोकेशन और 100 से ज्यादा CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। जांच में सामने आया कि हत्या में प्रयुक्त पत्थर, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और टीम की सतर्कता से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।