-
बासागुड़ा के जंगलों में रुक-रुककर फायरिंग जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना
-
जुलाई में अब तक 13 नक्सली मारे गए, मानसून में भी ऑपरेशन तेज
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शनिवार शाम बासागुड़ा के घने जंगलों में मुठभेड़ के दौरान 4 नक्सलियों को मार गिराया। मौके से INSAS और SLR राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। फिलहाल रुक-रुककर गोलीबारी जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।
बीजापुर। राज्य के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में एक बार फिर सुरक्षाबलों ने माओवादियों पर बड़ी कार्यवाही की है। बासागुड़ा क्षेत्र के घने जंगलों में शनिवार शाम हुई मुठभेड़ में जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया। मौके से कई आधुनिक हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साजो-सामान भी बरामद हुए हैं।
खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तभी माओवादी हमला करने की फिराक में थे, पर जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए मोर्चा संभाल लिया। जवाबी फायरिंग में चार नक्सली मारे गए। मुठभेड़ अभी भी जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
इस वर्ष जुलाई माह में अब तक नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों की यह तीसरी बड़ी सफलता है।
- 18 जुलाई को नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में 6 नक्सलियों को मारा गया था, जिनमें वांछित ACM और PM सदस्य भी शामिल थे।
- 5 जुलाई को बीजापुर में एक अन्य नक्सली ढेर किया गया था।
- 26 जून को अबूझमाड़ में 2 महिला नक्सली भी मारी गई थीं, जिनमें एक पर 5 लाख का इनाम घोषित था।
बावजूद भारी बारिश और दुर्गम इलाके के, ऑपरेशन मानसून पूरे दमखम के साथ जारी है। नक्सली गतिविधियों को जड़ से खत्म करने सुरक्षा बल हर स्तर पर मुस्तैद हैं।