एपीटी एप्लिकेशन के तहत डाक सेवाओं में डिजिटल बदलाव, ग्राहकों को मिलेगी तेज़ और प्रभावी सेवा
दुर्ग। डाक विभाग द्वारा तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दुर्ग डाक संभाग के सभी प्रधान एवं उप डाकघर 1 और 2 अगस्त को बंद रहेंगे। यह अस्थाई बंदी भारत सरकार एवं डाक विभाग द्वारा शुरू की जा रही आईटी 2.0 प्रणाली के तहत की जा रही है, जिसे 4 अगस्त 2025 से लागू किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के तहत शाखा डाकघर 30 जुलाई से 2 अगस्त तक बंद रहेंगे, जबकि प्रधान एवं उप डाकघर 1-2 अगस्त तक ग्राहकों के लिए सेवा बंद रखेंगे। इस दौरान सभी प्रकार के वित्तीय लेनदेन एवं डाक सेवाएं अस्थाई रूप से स्थगित रहेंगी।
डाक विभाग के अनुसार, यह परिवर्तन डिजिटल उत्कर्षता और बेहतर ग्राहक सेवा की दिशा में एक निर्णायक कदम है। एपीटी एप्लिकेशन का उद्देश्य डाक सेवाओं को तेज़, पारदर्शी और डिजिटल रूप से सक्षम बनाना है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक सुविधाजनक इंटरफेस और बेहतर अनुभव मिल सके।
डाक संभाग ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया है। अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि यह बदलाव भविष्य के डाक संचालन को अधिक सक्षम और ग्राहकों के अनुकूल बनाएगा।